हरियाणा के उद्योग और वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने अधिकारियों को सरकारी सब्सिडी सीधे लाभार्थी को देने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इससे खरीदारों को इलेक्ट्रिक दोपहिया, तिपहिया, कारों तथा टाटा मैजिक जैसे ई-वाहन खरीदते समय ही सब्सिडी का लाभ मिल सकेगा।
आज चंडीगढ़ में हरियाणा ई-वाहन नीति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री राव नरबीर सिंह ने गुरुग्राम और फरीदाबाद की जरूरतों को देखते हुए हरियाणा ई-वाहन नीति-2022 में दिल्ली की तर्ज पर आवश्यक संशोधन किए जाने पर बल दिया।
बैठक में मौजूद उद्योग और वाणिज्य विभाग के आयुक्त तथा सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि हरियाणा की मौजूदा ई-वाहन नीति वर्ष 2027 तक लागू रहेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार की नीतियों का अध्ययन कर सभी आवश्यक संशोधन शीघ्र किए जाएंगे।