गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कम और देर से हुई बारिश के कारण कच्छ, जामनगर, पोरबंदर और देवभूमि द्वारका जिलों को सूखा प्रभावित घोषित किया है। राज्य सरकार प्रभावित किसानों को प्रति हेक्टेयर 8500 रुपये की फसल नुकसान सहायता देगी। यह सहायता अधिकतम दो हेक्टेयर भूमि के लिए मिलेगी। इसके अलावा पशुपालकों को चारे और पशु शिविरों के लिए सहायता दी जाएगी।
सूखा प्रभावित क्षेत्रों के ग्रामीणों के लिए रोजगार की अवधि बढ़ाकर 150 दिन करने को भी मंजूरी दी गई है। ये उपाय पहली नवंबर से लागू होंगे। राज्य सरकार ने कहा है कि पेयजल की जरूरतों को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं आगामी रबी सीजन में उपलब्धता के आधार पर सिंचाई के लिए पानी दिया जाएगा।