सितम्बर 15, 2026 5:50 अपराह्न | RAKSHA KHADSE

printer

खेलों में प्रगति राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण पहलू: रक्षा निखिल खडसे

युवा कार्यक्रम और खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने कहा कि खेलों में प्रगति राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण पहलू है, क्योंकि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर है।

तीन दिवसीय दौरे पर श्रीमती खडसे आज आइजोल पहुंची और मिशन वेंग स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण केंद्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मिजोरम के खेल मंत्री लालनघिंगलोवा हमर, खेल विभाग के अधिकारियों और विभिन्न खेल संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की।

आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में श्रीमती खडसे ने कहा कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने खेलों को शिक्षा के साथ जोड़ने के लिए ‘युवा कनेक्ट’ पहल शुरू की है। इसके अंतर्गत शैक्षणिक संस्थानों में खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

श्रीमती खडसे ने कहा कि मिजोरम विभिन्न खेल विधाओं में अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और उन्होंने युवा प्रतिभाओं की पहचान और पोषण के लिए राज्य के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2014 से भारत में खेलों को बढ़ावा देने के लिए कदम उठा रहे हैं, और ‘खेलो इंडिया’ कार्यक्रम के अंतर्गत कई विकास कार्य हो रहे हैं। श्रीमती खडसे ने कहा कि अधिक सफल एथलीट तैयार करने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से शहरों के साथ-साथ दूरदराज के क्षेत्रों में भी प्रतिभाशाली बच्चों की पहचान की जा रही है।