नवम्बर 16, 2026 8:49 पूर्वाह्न

printer

सरकार का स्वास्थ्य व्यय 2013-14 की तुलना में तीन गुना से अधिक बढ़कर 2023-24 में चार लाख 14 हज़ार करोड़ रुपये पर पहुंचा

देश में स्वास्थ्य सेवाओं पर सरकारी खर्च वर्ष 2013-14 के एक लाख 30 हजार करोड़ रुपये की तुलना में वर्ष 2023-24 में तीन गुना बढ़कर चार लाख 14 हजार करोड़ रुपये हो गया है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य लेखा रिपोर्ट 2023-24 में यह जानकारी दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार, कुल स्वास्थ्य व्यय में सरकारी खर्च की हिस्सेदारी 14 दशमलव 9 प्रतिशत अंक बढ़ी है। वहीं, प्रति व्यक्ति सरकारी स्वास्थ्य व्यय एक हजार बयालीस रुपये से बढ़कर दो हजार नौ सौ उनसठ रुपये हो गया है।

रिपोर्ट में बताया गया है कि स्वास्थ्य सेवाओं पर परिवारों के सीधे खर्च में भी उल्लेखनीय कमी आई है। कुल स्वास्थ्य व्यय में इसकी हिस्सेदारी 64 दशमलव 2 प्रतिशत से घटकर 42 दशमलव 7 प्रतिशत रह गई है। वहीं, सामाजिक सुरक्षा के तहत स्वास्थ्य पर होने वाला खर्च 6 प्रतिशत से बढ़कर 11 प्रतिशत हो गया है। निजी स्वास्थ्य बीमा की हिस्सेदारी भी 3 दशमलव 4 प्रतिशत से बढ़कर 10 दशमलव 2 प्रतिशत हो गई है।

रिपोर्ट के अनुसार, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं पर खर्च लगभग एक लाख 53 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इसमें आयुष्मान आरोग्य मंदिर, निःशुल्क जांच सेवाओं और जन औषधि केंद्रों जैसी योजनाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।