कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि सरकार के प्रयासों से देश में 50 करोड़ लोगों को अत्यधिक गरीबी से बाहर निकालने में सफलता मिली है। भारत में गरीबी कम करने में कृषि की भूमिका और योगदान विषय पर आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि में कृषि क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
कृषि मंत्री ने विश्व बैंक की हाल की एक रिपोर्ट का भी उल्लेख किया, जिसमें देश में गरीबी कम होने की तेज गति को स्वीकार किया गया है। उन्होंने इस दिशा में योगदान के लिए कृषि अधिकारियों, शोधकर्ताओं और अन्य संबंधित पक्षों को बधाई दी।
मंत्री ने कहा कि ग्रामीण आजीविका में सुधार, रोजगार के अवसर बढ़ाने और लोगों की आय में वृद्धि करने में कृषि क्षेत्र की निर्णायक भूमिका रही है। उन्होंने कृषि विभाग, कृषि अनुसंधान परिषद-आई.सी.ए.आर. और अन्य संस्थानों के योगदान का भी उल्लेख किया। इन संस्थानों ने कृषि क्षेत्र को मजबूत करने और समावेशी विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। श्री चौहान ने कहा कि यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि गरीबी से बाहर आए लोग दोबारा गरीबी में न जाएं। उन्होंने शेष 2 दशमलव 7 प्रतिशत आबादी को भी अत्यधिक गरीबी से बाहर निकालने के लिए विशेष प्रयास करने का आह्वान किया।
कृषि मंत्री ने अधिकारियों और संस्थानों से कृषि योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, उनकी पहुंच बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने के लिए मिलकर काम करने का आग्रह किया। उन्होंने कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों और नवाचारों की जानकारी आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर भी जोर दिया। श्री चौहान ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाना और ग्रामीण आजीविका में सुधार करना देश के विकास प्रयासों के केंद्र में रहना चाहिए।