अप्रैल 21, 2026 6:48 पूर्वाह्न

printer

वैश्विक तापमान वृद्धि विश्व भर में स्वास्थ्य, पर्यावरण और समग्र अर्थव्यवस्था के लिए खतरा: केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि भारत ‘इंडिया कूलिंग एक्शन प्लान’ के कार्यान्वयन के माध्यम से सतत शीतलन और जलवायु अनुकूलन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत कर रहा है। नई दिल्ली में आयोजित ग्लोबल हीट एंड कूलिंग फोरम को संबोधित करते हुए डॉ. सिंह ने बताया कि कूलिंग एक्शन प्लान को देश भर के 250 से अधिक शहरों में पहले ही लागू किया जा चुका है। डॉ. सिंह ने कहा कि वैश्विक तापमान वृद्धि विश्व भर में स्वास्थ्य, पर्यावरण और समग्र अर्थव्यवस्था के लिए खतरा है।

उन्‍होंने कहा कि बढ़ता तापमान न केवल एक पर्यावरणीय चिंता है, बल्कि संक्रामक और गैर-संक्रामक दोनों प्रकार की बीमारियों सहित बढ़ते स्वास्थ्य जोखिमों से भी जुड़ा हुआ है। डॉ. सिंह ने भारत-विशिष्ट अनुसंधान और समाधानों की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्‍होंने कहा कि गर्मी का तनाव डेंगू से लेकर हृदय रोग तक की स्थितियों को प्रभावित कर रहा है।

डॉ. सिंह ने एयर कंडीशनिंग के अत्यधिक उपयोग के खिलाफ भी चेतावनी दी, जिससे ऊर्जा की खपत बढ़ती है और पर्यावरण और अर्थव्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। उन्‍होंने ठोस परिणामों की मांग करते हुए कहा कि समाधान की शुरुआत तत्काल और व्यावहारिक कदमों से होनी चाहिए।