अंतर्राष्ट्रीय परमाणु एजेंसी के प्रमुख राफेल ग्रॉसी ने कहा है कि वर्ष 2060 तक वैश्विक परमाणु ऊर्जा क्षमता बढ़कर तीन गुना अधिक हो सकती है। संयुक्त राष्ट्र महासभा में पेश अपनी वार्षिक रिपोर्ट में उन्होंने कहा कि बिजली की बढ़ती मांग, एआई डेटा सेंटर और तकनीकी कंपनियों को स्वच्छ ऊर्जा की ज़रूरत के कारण परमाणु ऊर्जा का इस्तेमाल बढ़ेगा।
उन्होंने ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में परमाणु ऊर्जा की बढ़ती भूमिका की भी चर्चा की। श्री ग्रॉसी ने ईरान और उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रमों, यूक्रेन युद्ध के कारण परमाणु सुरक्षा के खतरों और अन्य देशों द्वारा परमाणु हथियार हासिल करने की खबरों पर भी चिंता व्यक्त की। ईरान के संबंध में उन्होंने कहा कि राजनयिक समझौते के लिए आवश्यक तकनीकी तैयारी पूरी हो चुकी है।