कपडा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि चिकित्सा वस्त्र, तकनीकी वस्त्र और स्वास्थ्य प्रौद्योगिकी क्षेत्र भारत की आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाने की अपार क्षमता रखते हैं।
श्री सिंह ने आज विशाखापत्तनम स्थित आंध्र प्रदेश मेडटेक जोन -ए.एम.टी.जेड का दौरा किया, जहां उन्होंने चिकित्सा उपकरण निर्माण इकाइयों, अनुसंधान और नवाचार केंद्रों तथा अन्य महत्वपूर्ण औद्योगिक अवसंरचनाओं का जायजा लिया।
इस अवसर श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार भारत को वैश्विक विनिर्माण और नवाचार केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ये प्रयास ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के दृष्टिकोण के अनुरूप हैं।
श्री सिंह ने कहा कि ए.एम.टी.जेड की सुविधाएं स्वास्थ्य प्रौद्योगिकी और उन्नत विनिर्माण में भारत की बढ़ती क्षमताओं को दर्शाती हैं।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने एक चिकित्सा वस्त्र परीक्षण प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। उन्होंने चिकित्सा उपकरणों, निदान, नसबंदी, 3डी प्रिंटिंग, शल्य चिकित्सा उपकरणों और जैव सामग्री निर्माण से संबंधित उन्नत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।