ऊर्जा की बढ़ती कीमतों को कम करने के समन्वित प्रयास के अंतर्गत जी7 देशों ने चार महीनों में रणनीतिक भंडारों से 10 करोड़ बैरल तक तेल जारी करने पर सहमति प्रकट की है। इसमें विशेष रूप से डीजल पर ध्यान केंद्रित किया गया है। यह तेल जारी करने का समन्वय अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी – आईईए द्वारा किया जाएगा और पहले 20 दिनों के भीतर ही पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध करा दिया जाएगा। जी7 देशों ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक के बाद जारी बयान में यह जानकारी दी। इस बैठक में ईंधन की आसमान छूती कीमतों और अमरीका तथा यूरोप के बीच बढ़ते व्यापारिक तनाव के बीच वैश्विक डीजल आपूर्ति पर चर्चा की गई।
जी7 के मौजूदा अध्यक्ष फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि देशों ने पेट्रोलियम उत्पादों, विशेष रूप से डीजल की कीमतों पर दबाव कम करने के लिए समन्वित तरीके से काम करने पर सहमति व्यक्त की है। बैठक के दौरान, जी7 नेताओं ने रिफाइनरी उत्पादन बढ़ाने के लिए उत्पादन को अधिक लचीला बनाने का भी निर्णय लिया और सहयोगी देशों के बीच ऊर्जा और तेल उत्पादों के व्यापार को प्रतिबंधित न करने का वादा किया।
यह बैठक ऐसे समय हुई है जब अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने धमकी दी है कि यदि यूरोपीय देश अपने रणनीतिक भंडारों से ईंधन जारी नहीं करते हैं तो वे अमरीकी डीजल निर्यात रोक देंगे। घरेलू ईंधन की अधिक कीमत अगले महीने होने वाले मध्यावधि कांग्रेस चुनावों से पहले रिपब्लिकन पार्टी के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक चुनौती पेश कर रही है।
ईरान के साथ अमरीका के संघर्ष के कारण वैश्विक आपूर्ति कम हो गई है। इसके अलावा, यूक्रेन द्वारा रूस के रिफाइनरियों को पहुंचाए गए नुकसान के बाद रूस ने डीजल निर्यात प्रतिबंध को बढ़ा दिया है। चीनी रिफाइनरों ने घरेलू आपूर्ति को बनाए रखने के लिए निर्यात निलंबित कर दिया है।
इस वीडियो कॉल को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने आयोजित किया था। इसका उद्देश्य निर्यात प्रतिबंध लगाए बिना जी7 नेताओं से परिष्कृत उत्पाद बाजारों को स्थिर करने के लिए समन्वित तरीके से कार्य करने का आग्रह करना था।
यूरोपीय आयोग के अधिकारियों ने प्रस्तावित अमरीकी डीजल निर्यात प्रतिबंध को दृढ़ता से खारिज कर दिया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि इससे विश्वसनीय भागीदार के रूप में अमरीका पर विश्वास को नुकसान पहुंचेगा। हालांकि, वैश्विक मूल्य दबाव को कम करने के लिए यूरोपीय संघ रणनीतिक भंडारों से 50 मिलियन बैरल डीजल जारी करने के प्रस्ताव की समीक्षा कर रहा है।
इस बीच ब्रिटेन में डीजल की औसत कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई हैं। यह पहली बार 2 पाउंड प्रति लीटर तक पहुंच गई हैं। हालांकि, ब्रिटेन के परिवहन मंत्री कीर माथेर ने कहा है कि ब्रिटेन में डीजल की आपूर्ति मजबूत और पर्याप्त है और देश के पास इसके कई स्रोत हैं।