सितम्बर 24, 2026 11:52 पूर्वाह्न

printer

G4 देशों ने यूएनएससी में जल्द सुधार की जरूरत पर जोर दिया, चुनौतीपूर्ण भू-राजनीतिक परिस्थितियों में सुधार को बताया जरूरी

भारत, ब्राजील, जर्मनी और जापान के विदेश मंत्रियों ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में जल्द सुधार की आवश्यकता पर बल दिया है। न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के दौरान जी-4 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक हुई। इसमें विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा, जर्मनी के विदेश मंत्री योहान डेविड वाडेफुल और जापान के विदेश मंत्री मोतेगी तोशिमित्सु शामिल हुए।
 
संयुक्त बयान में मंत्रियों ने कहा कि सुरक्षा परिषद में स्थायी और अस्थायी, दोनों श्रेणियों में विस्तार, सुधार का मुख्‍य हिस्सा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा चुनौतीपूर्ण भू-राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए सुरक्षा परिषद में सुधार पहले से कहीं अधिक जरूरी हो गया है।
 
जी-4 देशों ने अफ्रीका, एशिया-प्रशांत और लातिनी अमरीका तथा कैरेबियाई क्षेत्र सहित कम प्रतिनिधित्व वाले और बिना प्रतिनिधित्व वाले क्षेत्रों तथा समूहों को अधिक प्रतिनिधित्व देने की जरूरत पर भी बल दिया।
 
मंत्रियों ने सुरक्षा परिषद सुधार पर अंतर-सरकारी वार्ता में ठोस प्रगति नहीं होने पर चिंता व्‍यक्‍त की। उन्होंने कहा कि जी-4 अन्य सुधार समर्थक समूहों के साथ मिलकर ऐसा साझा मॉडल तैयार करेगा, जो संयुक्त राष्ट्र के अधिकांश सदस्य देशों के विचारों को प्रतिबिंबित करे और पाठ आधारित वार्ता जल्द शुरू करने को प्राथमिकता देगा।
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला