भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण-एफएसएसएआई ने डाबर इंडिया को शहद, गाय का घी और खाद्य तेल जैसे कई उत्पादों को ‘100 प्रतिशत’ के दावे के साथ बेचने से प्रतिबंधित कर दिया है। सोशल मीडिया पोस्ट में एफएसएसएआई ने सूचित किया कि उसने डाबर इंडिया लिमिटेड को भ्रामक ‘100 प्रतिशत’ दावों वाले खाद्य उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है। इसमें शहद, सेब का सिरका, शुद्ध नारियल तेल, तिल का तेल, गाय का घी, नारियल पानी, नारियल का दूध और अन्य ऐसे उत्पाद शामिल हैं।
एफएसएसएआई ने कहा कि कंपनी की वेबसाइट पर बेचे जा रहे खाद्य उत्पादों पर भ्रामक ‘100 प्रतिशत’ के दावे पाए गए हैं जैसे कि – ‘100 प्रतिशत प्राकृतिक’, ‘100 प्रतिशत शुद्ध’, 100 प्रतिशत शुद्धता की गारंटी’, ‘100 प्रतिशत जैविक’ और ‘100 प्रतिशत नारियल पानी’।
एफएसएसएआई के अनुसार 100 प्रतिशत के दावे एफएसएस- विज्ञापन और दावे विनियम, 2018 का उल्लंघन हैं, जो अस्पष्ट, अप्रमाणित और उपभोक्ताओं को गुमराह करने की संभावना रखते हैं।
डाबर इंडिया ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि हमें एफएसएसएआई का नोटिस प्राप्त हुआ है। हम नोटिस में उल्लिखित बातों की जांच कर रहे हैं।