नवम्बर 2, 2026 7:46 अपराह्न

printer

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने यूएई के वरिष्ठ अधिकारियों से की मुलाकात

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने आज अबू धाबी में यूएई के कई वरिष्ठ अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों से मुलाकात की। इस दौरान कूटनीति, संस्कृति, पर्यटन, वित्त, निवेश और क्षेत्रीय घटनाक्रम सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहयोग को लेकर चर्चा हुई।

दो दिन की यात्रा के अंतिम दिन, श्री मिसरी ने अबू धाबी के संस्कृति और पर्यटन विभाग के अध्यक्ष मोहम्मद खलीफा अल मुबारक से मुलाकात की। इस दौरान सांस्कृतिक आदान-प्रदान, पर्यटन और प्रस्तावित हाउस ऑफ इंडिया के माध्यम से सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।

श्री मिसरी ने अबू धाबी के वित्त विभाग के अध्यक्ष और एल’इमाद होल्डिंग कंपनी के प्रबंध निदेशक तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी जासिम मोहम्मद बू अताबा अल ज़ाबी से भी बातचीत की। इसमें आर्थिक संबंधों को विस्तार देने, निवेश बढ़ाने और दीर्घकालिक व्यावसायिक साझेदारी मजबूत करने पर चर्चा हुई।

इससे पहले श्री मिसरी ने यूएई की अंतरराष्ट्रीय सहयोग राज्य मंत्री और भारत मामलों के विशेष दूत रीम अल हाशिमी से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने भारत-यूएई संबंधों की समीक्षा की और सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा की।

यह यात्रा भारत और संयुक्त अरब अमीरात के मजबूत रणनीतिक संबंधों तथा द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने की दोनों देशों की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।