विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने नई दिल्ली में जापान के लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) के सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एलडीपी के अंतर्राष्ट्रीय ब्यूरो के महानिदेशक तारो कोनो कर रहे हैं। श्री तारो कोनो पहले जापान के रक्षा मंत्री, विदेश मंत्री और डिजिटल मंत्री रह चुके हैं। प्रतिनिधिमंडल भारत-जापान विशिष्ट आगंतुक कार्यक्रम के अंतर्गत पांच दिवसीय भारत दौरे पर है।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दोनों पक्षों ने रक्षा, आर्थिक सुरक्षा, आपूर्ति श्रृंखला सुदृढ़ता, व्यापार और निवेश, प्रौद्योगिकी, नवाचार और दोनों देशों के लोगों के संपर्क सहित कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों में सकारात्मक गति को बनाए रखने के लिए सार्थक चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय डीप-टेक उद्यमशीलता और अनुसंधान तथा नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र द्वारा की गई प्रभावशाली प्रगति की सराहना की। उन्होंने भारत के आर्थिक विकास के दायरे और गति की प्रशंसा की। इनमें विनिर्माण क्षेत्र की मजबूती और इससे भारत और उसके सहयोगी देशों के लिए उत्पन्न होने वाले अवसर शामिल हैं। उन्होंने जोखिम कम करने और आपूर्ति श्रृंखला सुदृढ़ता को और मजबूत करने के उद्देश्य से भारत और जापान के बीच अधिक गहन आर्थिक सुरक्षा साझेदारी की आवश्यकता का आकलन किया।
दोनों पक्षों ने भारत-जापान विशेष रणनीतिक तथा वैश्विक साझेदारी के महत्व पर बल दिया। यह राजनीतिक विश्वास, पारस्परिक सद्भावना और साझा रणनीतिक दृष्टिकोण पर आधारित है और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता का आधार है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची द्वारा 16वें वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुरूप भारत-जापान के आपसी सहयोग के दायरे और गहराई को बढ़ाने की आवश्यकता को सराहा।