विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों-एफपीआई ने नवंबर महीने में भारतीय शेयर बाजार में जमकर पैसा लगाया है। अब तक विदेशी निवेशक भारतीय शेयरों में 1,22,265 करोड़ रुपये का निवेश कर चुके हैं। खास बात यह है कि दिवाली के दिन हुई विशेष मुहूर्त कारोबार को छोड़कर नवंबर के सभी कारोबारी दिनों में विदेशी निवेशक बाजार में मुख्य खरीदार रहे हैं।
विदेशी निवेशकों के रुख में यह बदलाव ऐसे समय आया है, जब वैश्विक बाजारों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में हाल के दिनों में गिरावट देखने को मिली है। ऐसे में भारतीय शेयर बाजार विदेशी निवेशकों के लिए निवेश का आकर्षक विकल्प बनकर उभरा है।
इसके अलावा, दुनिया में भू-राजनीतिक तनाव कम होने, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, रुपये में मजबूती और कंपनियों के उम्मीद से बेहतर वित्तीय नतीजों ने भी भारतीय बाजार के प्रति विदेशी निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है।
क्षेत्रवार निवेश की बात करें तो विदेशी निवेशकों ने मुख्य रूप से बैंकिंग, दूरसंचार, उपभोक्ता विवेकाधीन वस्तुओं, दैनिक उपयोग की उपभोक्ता वस्तुओं और ऑनलाइन व्यापार से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में पैसा लगाया है।
हालांकि, नवंबर में भारी खरीदारी के बावजूद वर्ष 2026 में अब तक विदेशी निवेशक भारतीय शेयर बाजार में शुद्ध बिकवाल बने हुए हैं। इस दौरान वे भारतीय इक्विटी बाजार से 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये से अधिक की निकासी कर चुके हैं।
वहीं, कर्ज बाजार में भी विदेशी निवेशकों का रुझान सकारात्मक रहा है। नवंबर में अब तक उन्होंने भारतीय कर्ज बाजार में 6 हजार 241 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया है।