नवम्बर 28, 2026 10:36 अपराह्न

printer

सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद मदुरै की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून स्तंभ पर दीप प्रज्वलित किया गया

तमिलनाडु के मदुरै में तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित दीपथून पत्थर के स्तंभ पर आज शाम लगभग 5 बजे पारंपरिक कार्तिगई दीपम प्रज्वलित किया गया। यह आयोजन सर्वोच्‍च न्यायालय द्वारा नियुक्त संयुक्त रिसीवर, सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति एस. वैद्यनाथन और न्यायमूर्ति वी. पार्थिबन की निगरानी में संपन्न हुआ।
 
हजारों श्रद्धालुओं ने पहाड़ी की तलहटी से दीप प्रज्वलन का दृश्य देखा और ‘वेट्रिवेल मुरुगनुक्कु अरोहरा’ के जयकारे लगाए। पूरी तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के नियंत्रण में रखा गया था।
 
दीपथून स्तंभ के शीर्ष पर लोहे के तारों से बाती को मजबूती से बांधा गया था। सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की निगरानी में घी और तेल में भिगोई गई बाती को वहां रखा गया। पहाड़ी की चोटी पर केवल 50 लोगों को उपस्थित रहने की अनुमति दी गई थी। दीप प्रज्वलन के लिए अग्नि उचि पिल्लैयार मंडपम में लगातार जल रही ज्योति से लाई गई थी। इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।