अक्टूबर 5, 2026 8:17 पूर्वाह्न

printer

कोरिएरे डेला सेरा की रिपोर्ट: फ्लाईदुबई के ओमानी सह-पायलट ने विमान को सऊदी रेगिस्तान में गिराने का प्रयास किया

इटली के अखबार कोरिएरे डेला सेरा की रिपोर्ट के अनुसार, फ्लाईदुबई विमान के ओमानी सह-पायलट ने विमान के अपहरण की कोशिश नाकाम होने के बाद उसे सऊदी अरब के रेगिस्तान में गिराने का प्रयास किया। अखबार के अनुसार, ओमानी सह-पायलट हम्माम अल-हम्मामी ने विमान पर नियंत्रण करने के लिए भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला किया था।
 
रिपोर्ट में इस्राएली खुफिया सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि अल-हम्मामी की मूल योजना कैप्टन स्मित मच्छार की हत्या कर विमान को इस्राएल के तेल अवीव ले जाकर वहां की किसी गगनचुंबी इमारत से टकराने की थी। हालांकि, जब यह योजना पूरी करना संभव नहीं हुआ तो उसने विमान को रेगिस्तान में गिराने की कोशिश की।
 
रिपोर्ट के अनुसार, उसने ऑटो-पायलट बंद कर विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लिया। करीब 30 सेकंड में विमान 16 हजार फीट नीचे आ गया और जमीन से टकराने की स्थिति में पहुंच गया। उसने विमान के नियंत्रण तंत्र को नुकसान पहुंचाने की भी कोशिश की, लेकिन यात्रियों ने उसे काबू कर लिया। पेशे से प्लंबर यानिव हयून ने विमान पर नियंत्रण कर उसकी ऊंचाई और कम होने से रोका। इसके बाद विमान में यात्रा कर रहे दो यात्री पायलटों ने विमान का नियंत्रण संभाल लिया और विमान को सुरक्षित उतारा गया।
 
कैप्टन स्मित मच्छार को अस्पताल ले जाया गया, जबकि सह-पायलट को सऊदी अरब के अधिकारियों को सौंप दिया गया।
 
इस्राएल ने इस घटना को आतंकवादी हमला बताया है और इस बात की जांच कर रहा है कि ओमान के एक पायलट को तेल अवीव जाने की अनुमति कैसे मिली, जबकि इस्राएल और ओमान के बीच राजनयिक संबंध नहीं हैं और इस्राएल की सुरक्षा नीति के तहत इस तरह की उड़ान की अनुमति नहीं है।