जुलाई 20, 2026 1:59 अपराह्न

printer

बचाव और राहत कार्य के लिए असम में सेना ने ‘ऑपरेशन जल राहत’ शुरू किया

असम में सेना ने ‘ऑपरेशन जल राहत’ शुरू किया है ताकि पूर्वी असम के कई हिस्सों में लगातार बिगड़ती बाढ़ की स्थिति के बीच बड़े पैमाने पर बचाव और राहत कार्य किया जा सके। असम में लगातार हो रही बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति और खराब हो गई है, जिससे ऊपरी असम के कई जिलों में हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से सबसे बुरी तरह प्रभावित जिलों – शिवसागर, चराइदेव और जोरहाट में बचाव कार्यों के लिए भारतीय सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्य आपदा मोचन बल को तैनात किया गया है।
 
राज्य के मंत्री बिमल बोराह ने आज शिवसागर और चराइदेव जिलों में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्‍होंने कहा कि प्रभावित इलाकों में बचाव कार्य जोर-शोर से चल रहे हैं।
 
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, कल शाम तक राज्‍य के सबसे ज्‍यादा आठ जिले बाढ़ से प्रभावित हुए थे। कुल 22 राजस्व सर्कल और 298 गांव प्रभावित हुए। इससे 57 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। 3 हजार 874 हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि जलमग्न हो गई है।