अमरीका में मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कल लैंडिंग के समय अमेजन प्राइम एयर का एक मालवाहक विमान रनवे से फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हुए हैं।
बोइंग 767-300 विमान प्यूर्टो रिको के सैन जुआन से मियामी पहुंचा था। विमान रनवे से फिसलकर बाहर चला गया और जमीन पर खड़े कई वाहनों से टकरा गया।
घायलों में तीन की हालत गंभीर है। राहत और बचाव कर्मियों ने विमान के पायलट और सह-पायलट के साथ दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में फंसे दो लोगों को बाहर निकाला।
अमेजन और अमरीकी संघीय विमानन प्रशासन-एफएए ने हादसे की पुष्टि की है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।