अक्टूबर 7, 2026 11:35 पूर्वाह्न

printer

रूस के तट पर यूक्रेन का ड्रोन हमला, 23 भारतीय चालक दल वाले तेल टैंकर में आग लगी

यूक्रेन के ड्रोन हमले में रूस के दक्षिणी तट के पास एक तेल टैंकर को निशाना बनाया गया। इस हमले से टैंकर पर सवार 23 भारतीय चालक दल के सदस्यों की जान खतरे में पड़ गई, लेकिन सभी को सुरक्षित बचा लिया गया। रूस के परिवहन मंत्रालय के अनुसार, लाइबेरिया के झंडे वाले इस टैंकर में नौसैनिक ड्रोन की टक्कर के बाद आग लग गई। इससे रूस के प्रमुख पर्यटन शहर सोची के ऊपर घना काला धुआं छा गया।

मंत्रालय ने कहा कि आग की तीव्रता कम होने के बाद दमकलकर्मी इसे बुझाने का प्रयास करेंगे। उसने बताया कि हमले के बाद सभी 23 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।    यह घटना रूस के प्रमुख काला सागर तटीय पर्यटन स्थल सोची के पास हुई। वर्ष 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से काला सागर में वाणिज्यिक जहाजों पर हमले बढ़े हैं। हाल के दिनों में रूस ने रोमानिया के तट के पास यूक्रेन का अनाज ले जा रहे मालवाहक जहाजों को भी निशाना बनाया है।