वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने दोहा में एआईआईबी की वार्षिक बैठक के दौरान कतर के वित्त मंत्री अली बिन अहमद अल कुवारी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने कतर में भारत की यूपीआई भुगतान प्रणाली के विस्तार और दोनों देशों के बीच वित्तीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की।
इस दौरान, कतर की भारत में 10 अरब डॉलर के निवेश की प्रतिबद्धता के कार्यान्वयन, राष्ट्रीय निवेश और अवसंरचना कोष के जुड़ाव और द्विपक्षीय निवेश संधि को अंतिम रूप देने पर विशेष बल दिया। साथ ही व्यापार, निवेश और कराधान में अधिक निश्चितता प्रदान करने के लिए दोहरे कराधान निवारण समझौते पर भी चर्चा की।
कतर के वित्त मंत्री ने कतर के विकास में भारतीय समुदाय के योगदान की सराहना की और दोनों देशों के बीच व्यापार, वित्त और निवेश के अवसरों का विस्तार करने में रुचि व्यक्त की।