सितम्बर 23, 2026 2:29 अपराह्न

printer

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने आज ब्रिक्स कर प्रमुखों की बैठक का उद्घाटन किया

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि आगामी कुछ वर्षों में चल रही बहुपक्षीय कर वार्ताओं में लिए गए निर्णय एक पीढ़ी के लिए सीमा पार कराधान को आकार देंगे। नई दिल्ली में आज ब्रिक्स कर प्रमुखों की बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए श्रीमती सीतारामन ने कहा कि ब्रिक्स देश बड़ी विकासशील अर्थव्यवस्थाएं और स्रोत क्षेत्राधिकार हैं जिन्होंने निम्न आधार से महत्वपूर्ण घरेलू कर क्षमता का निर्माण किया है और इन वार्ताओं को निष्पक्ष और स्थायी बनाने के लिए उनका दृष्टिकोण आवश्यक है।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि कर प्रशासन कागज और संबंध आधारित प्रक्रियाओं से हटकर डेटा-आधारित और डिजिटल माध्यमों से संचालित प्रणालियों की ओर बढ़ रहा है। नई दिल्ली में आज ब्रिक्स कर प्रमुखों की बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए श्रीमती सीतारामन ने कहा कि भारत के फेसलेस असेसमेंट, पहले से भरे हुए रिटर्न, रियल-टाइम इनवॉइस प्रमाणीकरण और एआई-सक्षम करदाता सहायता के अनुभव ने ब्रिक्स साझेदारों के बीच रुचि पैदा की है। वित्त मंत्री ने इस वर्ष ब्रिक्स कर सत्र से उभरने वाले तीन व्यापक क्षेत्रों प्रौद्योगिकी, प्रशासन और लोगों की पहचान की हैं। श्रीमती सीतारामन ने कहा कि बैठक में दो नए कार्य समूहों – अंतर्राष्ट्रीय कराधान और हस्तांतरण मूल्य निर्धारण और राजस्व सांख्यिकी – के लिए प्रारंभिक दस्तावेजों पर विचार किया जाएगा।

श्रीमती सीतारामन ने कहा कि हस्तांतरण मूल्य निर्धारण विवादों के कारण विकासशील देशों के कर प्रशासनों को असमान रूप से अधिक लागत चुकानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि वित्तीय वास्तविकताओं से मेल नहीं खाने वाले राजस्व ढांचे देशों की छवि और उनके स्वयं के आत्म-सम्मान को प्रभावित कर सकते हैं।