सरकार ने सोशल मीडिया पर साझा की जा रही उस पोस्ट का खंडन किया है जिसमें दावा किया गया है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ‘क्वांटम एआई’ नाम की एक निवेश योजना को बढ़ावा दे रही हैं, जिसमें नागरिकों को 22 हजार रुपये के शुरुआती निवेश के बदले प्रति महीने 3 लाख रुपये की आमदनी का वादा किया गया है। पत्र सूचना कार्यालय की तथ्य जांच इकाई ने बताया है कि यह दावा पूरी तरह से झूठा है और वायरल वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से तैयार किया गया है।
इकाई ने यह भी स्पष्ट किया है कि वित्त मंत्री ने ऐसी किसी भी निवेश योजना का समर्थन नहीं किया है। सरकार ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे किसी भी संदिग्ध या अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें, क्योंकि यह साइबर धोखाधड़ी का मामला हो सकता है। साथ ही, यह भी सलाह दी गई है कि वे ऐसी किसी भी जानकारी की पुष्टि केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही करें।