विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर आज से फ़िलीपींस की दो दिन की यात्रा पर रहेंगे। राजधानी मनीला में वे आसियान फ़्रेमवर्क के अंतर्गत विदेश मंत्री स्तर की बैठकों में हिस्सा लेंगे। इनमें आसियान-भारत, पूर्वी एशिया सम्मेलन और आसियान क्षेत्रीय फ़ोरम की बैठकें शामिल हैं।
श्री जयशंकर, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमरीका के विदेश मंत्रियों के साथ क्वाड देशों की विदेश मंत्री स्तरीय बैठक में भी हिस्सा लेंगे। श्री जयशंकर के क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों के साथ भी द्विपक्षीय बैठकें करने की भी संभावना है।
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि यह यात्रा एक्ट ईस्ट नीति के अंतर्गत आसियान के साथ भारत के बढ़ते जुड़ाव को प्रदर्शित करती है और आसियान-भारत व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराती है। वर्ष 2026 को आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष घोषित किया गया है।