विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मयण्म जयशंकर ने आज फिलीपींस के मनीला में आयोजित क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लिया। एक संयुक्त वक्तव्य में भारत, जापान, ऑस्ट्रेलिया और अमरीका ने एक स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र को मजबूत करने की प्रतिबद्धता और आसियान की एकता और केंद्रीयता के लिए अपने अटूट समर्थन की पुष्टि की। बैठक के दौरान उन्होंने हिंद-प्रशांत पर आसियान के दृष्टिकोण का समर्थन करने के लिए क्षेत्रीय चुनौतियों और अवसरों पर ध्यान केंद्रित किया। चर्चा में समुद्री और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक समृद्धि, महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियां और आपातकालीन प्रतिक्रिया शामिल की गई। क्वाड के विदेश मंत्रियों ने इस बात पर सहमति जताई कि हिंद-प्रशांत समुद्री क्षेत्र में शांति और स्थिरता इस क्षेत्र की सुरक्षा और समृद्धि का आधार है।
बैठक के दौरान डॉ. जयशंकर ने अमरीका विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाकात की। डॉ. जयशंकर ने कहा कि बैठक में उन क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया गया। यह भारत-अमरीका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के लिए प्राथमिकता वाले क्षेत्र हैं। इनमें व्यापार, शुल्क, ऊर्जा, रक्षा, सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिज और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शामिल हैं। डॉ. जयशंकर ने यह भी कहा कि उन्होंने पारस्परिक हित के क्षेत्रीय, वैश्विक और बहुपक्षीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
विदेश मंत्री ने ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग से भी मुलाकात की। डॉ. जयशंकर ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हाल ही में ऑस्ट्रेलिया यात्रा के परिणामों पर नजर रखी।