विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कल रात आबिदजान में कोटे डी आइवर के उपप्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री तेने बिराहिमा ओउआत्तारा से मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने कहा कि दोनों पक्षों ने आपसी विश्वास, क्षमता निर्माण और साझा हितों पर आधारित बढ़ती रक्षा साझेदारी पर चर्चा की। उन्होंने प्रशिक्षण और संस्थागत स्तर पर आदान-प्रदान बढ़ाने सहित रक्षा और आतंकवाद निरोध के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने के अवसरों पर भी विचार-विमर्श किया।
विदेश मंत्री ने कोटे डी आइवर की विदेश मामलों और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग मंत्री निआले काबा के साथ भी व्यापक चर्चा की। इसमें व्यापार, निवेश, बुनियादी ढांचे, कृषि, स्वास्थ्य और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क सहित द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत और कोटे डी आइवर का सहयोग लोगों को केंद्र में रखते हुए आगे बढ़ेगा और पश्चिम अफ्रीकी देश की प्राथमिकताओं से निर्देशित होगा।
आबिदजान में हुई ये बैठकें डॉ. जयशंकर की घाना, कोटे डी आइवर और इथियोपिया की पांच दिन की आधिकारिक यात्रा का हिस्सा हैं। इस यात्रा का उद्देश्य इन तीनों अफ्रीकी देशों के साथ भारत के संबंधों को मजबूत करना है।