विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने अटलांटा में अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-अमरीका द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की। डॉ. जयशंकर बृहस्पतिवार देर शाम अटलांटा पहुंचे थे। उन्होंने जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक से इतर यह मुलाकात की। इस अवसर पर भारत में अमरीका के राजदूत सर्जियो गोर और अमरीका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा भी मौजूद थे।
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प 14 और 15 दिसंबर को मियामी में जी-20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेंगे। इस बीच, क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक आज होगी। अटलांटा में जी-20 और क्वाड की बैठक के बाद डॉ. जयशंकर राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों की बैठक में शामिल होने के लिए एंटीगुआ और बारबुडा जाएंगे। यह बैठक पहली से चार नवंबर तक होगी।