विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, विकास और स्वतंत्रता बनाए रखने पर जोर दिया है। डॉ. जयशंकर ने अमरीका के अटलांटा में हुई क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि चारों देशों के बीच सहयोग बढ़ाकर जरूरी सामान की आपूर्ति, तकनीक, महत्वपूर्ण खनिजों और ऊर्जा की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। विदेश मंत्री ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अनुचित व्यापारिक गतिविधियों और बढ़ती आर्थिक चुनौतियों से निपटने पर भी जोर दिया।
उन्होंने आतंकवाद से मुकाबले, समुद्री सुरक्षा और देशों की क्षमता बढ़ाने से जुड़े समझौतों को आगे बढ़ाने की बात कही। डॉ. जयशंकर ने कहा कि क्वाड का एजेंडा आज की जरूरतों के अनुसार होना चाहिए और इसके लिए व्यावहारिक कदम उठाने जरूरी हैं।