नवम्बर 18, 2026 2:25 अपराह्न

printer

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने बदलते भू-राजनीतिक माहौल के बीच प्रमुख क्षेत्रों में लचीली वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं के लिए आह्वान किया

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कहा है कि मौजूदा भू-राजनीतिक माहौल में, भारत और जापान दोनों ही प्रमुख क्षेत्रों में मजबूत और भरोसेमंद वैश्विक आपूर्ति शृंखला बनाने की जरूरत समझते हैं। डॉ. जयशंकर ने कल नई दिल्ली में संपन्न 9वें ‘भारत-जापान इंडो-पैसिफिक फोरम’ के लिए वीडियो संदेश में यह बात कही। उन्होंने कहा कि ‘विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी’ के तहत रक्षा और सुरक्षा सहयोग, आर्थिक सुरक्षा, ऊर्जा सुरक्षा, तकनीक और नवाचार, तथा लोगों के बीच परस्‍पर संबंध को बढ़ावा देने पर मुख्य ध्‍यान बना रहेगा।

विदेश मंत्री ने कहा कि भारत और जापान की ‘विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी’ आपसी विश्वास और सद्भावना पर आधारित है, और दोनों देशों का रणनीतिक दृष्टिकोण भी एक समान है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल इन दोनों देशों में, बल्कि पूरी दुनिया में शांति, स्थिरता और आर्थिक समृद्धि आती है।

डॉ. जयशंकर ने कहा कि एशिया के दो बड़े लोकतंत्र, गतिशील बाजार अर्थव्यवस्थाएं और समुद्री राष्ट्र होने के नाते, स्वतंत्र, खुले और नियमों पर आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र को आकार देने में भारत और जापान की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जापान भारत के लिए महत्‍वपूर्ण प्रत्यक्ष विदेशी निवेश साझेदार है और ‘विकसित’ तथा ‘आत्मनिर्भर भारत’ के विजन को साकार करने में योगदान दे रहा है। विदेश मंत्री ने कहा कि भारत की स्थिर आर्थिक वृद्धि जापानी कंपनियों को मेक इन इंडिया और ‘मेक फॉर वर्ल्‍ड’ का अवसर प्रदान करती है।