सितम्बर 7, 2026 9:24 अपराह्न

printer

जलवायु परिवर्तन और वायु प्रदूषण से निपटने के लिए खर्च किया गया प्रत्येक डॉलर 15 डॉलर का आर्थिक लाभ सृजित कर सकता है: संयुक्त राष्ट्र

संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के अनुसार, जलवायु परिवर्तन और वायु प्रदूषण से निपटने के लिए खर्च किया गया प्रत्येक डॉलर 15 डॉलर का आर्थिक लाभ सृजित कर सकता है। हालांकि, रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि कार्रवाई में देरी से दुनिया को हर साल डेढ लाख करोड़ डॉलर से अधिक का नुकसान हो सकता है। संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम और ‘क्लाइमेट एंड क्लीन एयर कोएलिशन’ की इस रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन पर एक साथ मिलकर काम करने से स्वास्थ्य देखभाल खर्च में कमी आएगी, कामगारों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और मौसम की अनिश्चितता से होने वाले नुकसान को कम किया जा सकेगा। रिपोर्ट में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं, जिसके अनुसार साल 2025 में दुनिया भर में करीब 64 लाख लोगों की असामयिक मौत बाहरी वायु प्रदूषण के कारण हुई, जबकि घरों के भीतर होने वाले प्रदूषण से 20 लाख लोगों की जान गई। संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि इस समस्या से निपटने के लिए अक्षय ऊर्जा, स्वच्छ परिवहन, आधुनिक रसोई ईंधन, बेहतर खेती और ठोस कचरा प्रबंधन जैसे समाधान पहले से मौजूद हैं। रिपोर्ट का अनुमान है कि अगर साल 2050 तक ऐसे 25 उपायों को पूरी तरह लागू कर दिया जाए, तो प्रदूषण से होने वाली 14 करोड़ 40 लाख असमय मौतों को रोका जा सकता है।