इथियोपिया की संघीय सेना ने उत्तरी तिग्राय क्षेत्र की राजधानी मेकेले के हवाई अड्डे पर फिर से नियंत्रण कर लिया है। सैनिकों ने पिछले महीने हवाई अड्डे पर कब्जा कर लिया था, जिसके बाद मेकेले के लिए व्यावसायिक उड़ानें रोक दी गई थीं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, तिग्राय में इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क बाधित होने के कारण जानकारी जुटाना और उसकी पुष्टि करना मुश्किल हो रहा है।
इथियोपिया सरकार और तिग्राय पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट- टी.पी.एल.एफ. ने हवाई अड्डे पर फिर से नियंत्रण की खबरों पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है। टी.पी.एल.एफ. ने पिछले महीने 23 तारीख को हवाई अड्डे पर कब्जा किया था। इसके बाद इथियोपियन एयरलाइंस ने मेकेले के साथ-साथ एक्सुम और शायर शहर के लिए उड़ानें निलंबित कर दी थीं। अफ्रीकी संघ ने संयम बरतने की अपील करते हुए चेतावनी दी थी कि दोबारा संघर्ष शुरू होने से 2022 में हुए शांति समझौते को खतरा हो सकता है।
इस बीच, इथियोपिया और पड़ोसी देश इरिट्रिया के बीच संबंधों में भी तनाव बढ़ गया है। इथियोपिया ने बृहस्पतिवार को 10 इरिट्रिया के राजनयिकों को देश छोड़ने का आदेश दिया और इरिट्रिया में अपना दूतावास बंद करने की घोषणा की।