अप्रैल 13, 2026 2:22 अपराह्न

printer

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में चुनाव प्रचार तेज, विभिन्न दलों के शीर्ष नेता रैलियां और रोड शो कर रहे हैं

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही चुनाव प्रचार अपने चरम पर पहुंच गया है। विभिन्न दलों के दिग्गज नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए सभाएं, रैलियां और जनसभाएं कर रहे हैं।

वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज बीरभूम में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के कुशासन की कड़ी आलोचना की। श्री शाह ने कहा कि सत्ताधारी दल के नेता भ्रष्ट हैं और नगर निगम और शिक्षा भर्ती, राशन वितरण और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित कई घोटालों में शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा जल जीवन मिशन के लिए धनराशि उपलब्ध कराने के बावजूद, इसका लाभ राज्य के लोगों तक नहीं पहुंचा। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर घुसपैठियों को शरण देने का भी आरोप लगाया। गृह मंत्री ने कहा कि राज्‍य की मुख्‍यमंत्री महिला होने के बावजूद बंगाल की माताओं और बहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही हैं। श्री शाह बीरभूम के खोयरासोल और पश्चिम बर्दवान के खांद्रा में जनसभाओं के साथ-साथ राजेंद्र प्रसाद एवेन्यू में एक रोड शो भी करेंगे।

इस बीच, तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सूरी (बीरभूम) में एक जनसभा में आरोप लगाया कि सीएए के बाद भाजपा एनआरसी लागू करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा बंगाल का इतिहास बदलने की कोशिश कर रही है। रोजगार के मुद्दे पर, मुख्‍यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सेना में कई पद खाली पड़े हैं। उन्होंने भाजपा सरकार से पिछले 12 वर्षों में सृजित नौकरियों की संख्या के आंकड़े प्रकाशित करने की मांग की। वह पूर्वी बर्दवान के गलसी और पश्चिमी बर्दवान के दुर्गापुर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी।

सीपीआई (एम) और कांग्रेस के उम्मीदवार भी जनसभा और घर-घर जाकर प्रचार कर रहे हैं। कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता राहुल गांधी कल राज्‍य में चुनाव प्रचार करेंगे। वे उत्तर दिनाजपुर के रायगंज, मालदा के चंचल और मुर्शिदाबाद के समसेरगंज में चुनावी रैलियां करेंगे।

वहीं तमिलनाडु में राज्य भाजपा अध्यक्ष, नैनार नागेंद्रन ने आज सतूर में चुनाव प्रचार किया। उन्‍होंने कहा कि डीएमके सरकार के कारण राज्‍य में पटाखा उद्योग, कई समस्याओं से जूझ रहा है। श्री नागेन्‍द्रन ने दुर्घटनाग्रस्‍त पटाखा फैक्‍ट्री का दौरा किया। इसमें तीन मजदूर घायल हुए थे। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को भविष्य में उठाया जाएगा। उन्होंने प्रभावित लोगों के लिए दस लाख रुपये के मुआवजे की मांग की।

डीएमके सांसद, कनिमोझी ने आज तिरुनेलवेली में चुनाव प्रचार करते हुए एआईएडीएमके की आलोचना की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने तमिलनाडु के मुद्दों का समाधान नहीं किया है।