विशाखापत्तनम इस्पात संयंत्र में हुई आग की दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई है और छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है। इस्पात मंत्रालय के अनुसार, पिघले हुए इस्पात की ढलाई प्रक्रिया के दौरान यह हादसा हुआ। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर गहरा शोक जताया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को पचास हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
वही, केंद्रीय इस्पात मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी और नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने कल रात दुर्घटना स्थल का दौरा किया। श्री कुमारस्वामी ने मृतकों के परिजनों 25 लाख रुपये और घायलों को 10 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने मृतकों के सभी बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा देने की घोषणा भी की।
इसके अलावा, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी मुख्य सचिव, जिला कलेक्टर और अन्य अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की है। फिलहाल, दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है।