सितम्बर 6, 2026 1:38 अपराह्न

printer

ड्रग्स तस्करी के मामले में मिस्र की टीवी एंकर समेत 12 लोगों को मौत की सजा सुनाई गई

मिस्र की एक अदालत ने टीवी एंकर सारा खलीफा समेत 12 लोगों को ड्रग्स तस्करी के मामले में मौत की सजा सुनाई है। सभी दोषियों को फांसी दिए जाने का आदेश दिया गया है। अदालत ने माना कि आरोपी एक आपराधिक गिरोह चला रहे थे, जो मादक पदार्थ के निर्माण और बिक्री के लिए कच्चा माल आयात करता था। आरोपियों के पास अवैध हथियार होने की बात भी सामने आई है। सारा खलीफा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि अधिकारियों ने उन्हें नशीले पदार्थों के साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए मजबूर किया था और उन्होंने पहली बार तभी उन पदार्थों को देखा।
 
मिस्र के कानून के मुताबिक, मौत की सजा को अंतिम रूप देने से पहले ग्रैंड मुफ्ती से धार्मिक मंजूरी लेना अनिवार्य है। यह मंजूरी मिलने के बाद सजा को अंतिम रूप दिया गया है। हालांकि, दोषियों के पास अभी भी फैसले के खिलाफ अपील करने का अधिकार है। जांच के दौरान अभियोजन पक्ष ने बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सबूत जुटाए। करीब 20 गवाहों के बयान दर्ज किए गए। इसके अलावा, 750 किलोग्राम से ज्यादा मादक पदार्थ और उन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे रसायन भी जब्त किए गए।
 
मानवाधिकार संगठन एमनेस्टी इंटरनेशनल पहले भी मिस्र में बड़ी संख्या में मौत की सजाओं को लेकर चिंता जताता रहा है। संगठन का कहना है कि मिस्र में ड्रग्स तस्करी जैसे अपराधों में भी अक्सर मौत की सजा दी जाती है, जबकि इनमें जानबूझकर हत्या शामिल नहीं होती।