नवम्बर 16, 2026 11:18 पूर्वाह्न

printer

डीआर कांगो में इबोला का कहर, अब तक 5,500 से अधिक लोगों की मौत

कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (डीआर) कांगो में इबोला के प्रकोप से अब तक 5,500 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में संक्रमण फैलने और बढ़ती हिंसा के कारण इस पर काबू पाने के प्रयासों में बाधा आ रही है।

कांगो के स्वास्थ्य अधिकारियों की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, 12 नवंबर तक संक्रमण के 11 हजार 254 मामलों की पुष्टि हुई है और पांच हजार 505 लोगों की मौत हुई है। इस तरह संक्रमण से मृत्यु दर 48 दशमलव 9 प्रतिशत हो गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन-डब्ल्यूएचओ और मानवीय सहायता एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि शुरुआती संक्रमण वाले कई क्षेत्रों में मामले कम होने के बावजूद हर सप्ताह 400 से 500 नए संक्रमण सामने आ रहे हैं।

इस प्रकोप से बच्‍चे सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। संक्रमण के कुल मामलों में एक चौथाई से अधिक बच्चे हैं, जबकि मृतकों में उनकी हिस्सेदारी एक तिहाई है। पांच वर्ष से कम उम्र के संक्रमित बच्चों में से लगभग 70 प्रतिशत की मौत हो चुकी है।

डब्ल्यूएचओ के अनुसार, बुटेम्बो और मोंगवालू जैसे क्षेत्रों में संक्रमण पर काबू पा लिया गया है, जबकि बुनिया में नए मामलों में 50 प्रतिशत की कमी आई है। हालांकि, मुख्य रूप से ग्रामीण आबादी वाले अन्य क्षेत्रों में संक्रमण का फैलना जारी है।

संगठन ने बताया कि जांच की क्षमता दो प्रयोगशालाओं से बढ़ाकर दो दर्जन से अधिक कर दी गई है। वहीं, 104 उपचार केंद्रों में लगभग दो हजार बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। अब तक करीब तीन हजार मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

इस बीच, केन्या और नाइजीरिया में संक्रमण के कुछ मामले बाहर से पहुंचने के बाद सीमा पार संक्रमण फैलने की आशंका बढ़ गई है। इस प्रकोप ने देश में मानवीय संकट को और गंभीर कर दिया है। कांगो में लगभग दो करोड़ 90 लाख लोग गंभीर खाद्य असुरक्षा का सामना कर रहे हैं। वर्ष 2027 की शुरुआत में यह संख्या बढ़कर तीन करोड़ तीन लाख होने का अनुमान है।

कांगो सरकार ने इबोला से निपटने के लिए एक अरब 30 करोड़ डॉलर की योजना की घोषणा की है। वहीं, विश्व स्वास्थ्य संगठन और उसके सहयोगी संगठनों ने अंतरराष्ट्रीय सहायता जारी रखने, राहत कार्यों के लिए सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करने और अग्रिम मोर्चे पर तैनात स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा बढ़ाने की अपील की है।