सितम्बर 25, 2026 2:04 अपराह्न

printer

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने दक्षिण अफ्रीका और ब्राजील के विदेश मंत्रियों के साथ पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने दक्षिण अफ्रीका के विदेश मंत्री रोनाल्ड लामोला और ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा के साथ पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। तीनों मंत्रियों ने आतंकवाद के प्रति कतई बर्दाश्‍त न करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
 
तीनों नेताओं ने कल न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के अवसर पर आई.बी.एस.ए. संवाद मंच की बैठक में भाग लिया। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र चार्टर, अंतरराष्ट्रीय कानून और बहुपक्षीय व्यवस्था को मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त की।
 
संयुक्त बयान में मंत्रियों ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में व्यापक सुधार का आह्वान किया, ताकि इसे अधिक लोकतांत्रिक और प्रतिनिधित्वपूर्ण बनाया जा सके।
 
आई.बी.एस.ए. मंत्रियों ने वैश्विक संघर्षों से ग्लोबल साउथ पर हो रहे प्रभाव पर चिंता व्‍यक्‍त की। उन्होंने ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा, महंगाई और वित्तीय दबाव जैसी चुनौतियों का उल्लेख किया। मंत्रियों ने जलवायु परिवर्तन से निपटने, नवीकरणीय ऊर्जा और टिकाऊ ईंधन को बढ़ावा देने, डिजिटल संपर्क और बुनियादी ढांचे के विस्तार तथा आर्थिक विकास के लिए एआई क्षमता का उपयोग करने पर भी जोर दिया।