वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि संकट के दौरान भारत ने विश्व के विभिन्न हिस्सों में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित किया है। जर्मनी के बर्लिन में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री गोयल ने कहा कि जहां कई देश आपात स्थिति में यात्रा संबंधी सलाह जारी करते हैं, वहीं भारत जरूरत के समय अपने नागरिकों को वापस लाने के लिए ठोस कदम उठाता है। उन्होंने कहा कि भारत ने अपने नागरिकों के साथ-साथ अन्य देशों के नागरिकों को निकालने में भी मदद की है।
यूक्रेन युद्ध के दौरान चलाए गए निकासी अभियान के बारे में श्री गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं इसकी निगरानी की और संचालन समन्वय तथा निरंतर मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए एक समर्पित टीम का गठन किया। उन्होंने कहा कि निकासी में सहायता के लिए चार वरिष्ठ मंत्रियों को पड़ोसी देशों में भेजा गया था। उन्होंने कहा कि ये प्रयास कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपने नागरिकों की सुरक्षा और उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए देश की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।