बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के सबसे बड़े धार्मिक पर्व दुर्गा पूजा की तैयारियां देशभर में अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मंदिरों, पूजा मंडपों और सामुदायिक स्थलों पर पांच दिवसीय उत्सव की तैयारियां की जा रही हैं। यह उत्सव शुक्रवार को महाषष्ठी के साथ औपचारिक रूप से शुरू होगा।
राजधानी ढाका के प्रमुख धार्मिक स्थलों, जिनमें ढाकेश्वरी राष्ट्रीय मंदिर, रमना काली मंदिर और ढाका विश्वविद्यालय का जगन्नाथ हॉल शामिल हैं, में पूजा की विशेष तैयारियां की गई हैं। इन स्थानों पर देवी दुर्गा की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने के साथ ही पंडालों को सजाया जा रहा है। इसके अलावा, विभिन्न स्थानों पर धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।
इस वर्ष बांग्लादेश में कुल 33 हजार 851 पूजा मंडपों में दुर्गा पूजा मनाई जाएगी। बांग्लादेश सरकार ने दुर्गा पूजा के अवसर पर तीन दिन का अवकाश घोषित किया है।