राजस्व खुफिया निदेशालय-डीआरआई ने सीमा सुरक्षा बल-बीएसएफ के साथ मिलकर बांग्लादेश से तस्करी कर लाया गया 12 किलोग्राम सोना जब्त किया है। वित्त मंत्रालय ने बताया कि भारत-बांग्लादेश सीमा पर से होने वाली सोने की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए कई बड़ी कार्रवाई की गई हैं। मंत्रालय ने बताया कि बिहार और बंगाल की बांग्लादेश से लगी सीमा पर लगभग 17 करोड़ रुपये मूल्य का 12 किलोग्राम विदेशी सोना ज़ब्त किया गया है। बरामदगी से पता चलता है कि यह इलाका तस्करी की दृष्टि से कितना संवेदनशील है।
वित्त मंत्रालय ने कहा कि इस महीने की 20 और 21 तारीख के दौरान बीएसएफ जवानों ने भारत-बांग्लादेश सीमा सड़क के पास तस्करी से लाए विदेशी मूल के सोने के 27 टुकड़े बरामद किए, जिनका वज़न लगभग 3 किलो 15 ग्राम है। इसके बाद राजस्व खुफिया निदेशालय ने सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत सोना ज़ब्त कर लिया।
एक अन्य घटना में, बीएसएफ जवानों ने पश्चिम बंगाल के हाथखोला गांव में भारत-बांग्लादेश सीमावर्ती बाड़ के पास तस्करी से लाए गए लगभग 1 किलो 16 ग्राम विदेशी मूल का सोना बरामद किया।