नवम्बर 19, 2026 2:02 अपराह्न

printer

डॉनल्ड ट्रंप ने चीन और रूस के राष्ट्रपतियों के साथ ऐतिहासिक त्रिपक्षीय बैठक के लिए उत्सुकता जताई

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ प्रस्तावित ऐतिहासिक त्रिपक्षीय बैठक को लेकर उत्सुकता व्‍यक्‍त की है। यह बैठक आज चीन के शेन्ज़ेन में 33वें एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग-एपेक शिखर सम्मेलन से अलग होनी है। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि इस त्रिपक्षीय बातचीत से तीनों देशों के बीच सहयोग की संभावनाओं पर विचार किया जा सकेगा।

अमरीकी अधिकारियों के अनुसार, परमाणु हथियार नियंत्रण बैठक के प्रमुख एजेंडे में शामिल रहने की संभावना है। इसके अलावा, ईरान संघर्ष, वैश्विक व्यापार और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा की व्यापक चुनौतियों पर भी चर्चा हो सकती है।

प्रस्तावित त्रिपक्षीय बैठक से पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय वार्ताएं कीं।

श्री चिनफिंग के साथ बैठक में राष्ट्रपति ट्रंप ने अमरीका और चीन के संबंधों को सकारात्मक बताया हालांकि व्यापार, प्रौद्योगिकी और रणनीतिक मुद्दों पर दोनों देशों के बीच मतभेद बने हुए हैं। वहीं, श्री पुतिन के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने आशा व्‍यक्‍त की कि इससे अमरीका-रूस संबंधों में प्रगति का रास्ता खुल सकता है।

चीन के राष्‍ट्रपति शी चिनफिंग और रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन के बीच भी द्विपक्षीय वार्ता हुई। दोनों नेताओं ने अपनी रणनीतिक साझेदारी और बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।