गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव-इफ्फी के चौथे दिन, तुर्किये की फिल्म ‘द फार्म’ की निर्देशक-निर्माता एलिफ एडा और फिल्म ‘रहमा’ के निर्देशक फैसल सोयसल ने संवाददाता सम्मेलन में मीडिया से बातचीत की। दोनों फिल्में अंतर्राष्ट्रीय सिनेमा श्रेणी में प्रतिष्ठित ऑडियो विजुअल संचार परिषद-आईसीएफटी-यूनेस्को गांधी पदक के लिए प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। यूनेस्को के तत्वावधान में पेरिस स्थित अंतर्राष्ट्रीय फिल्म, टेलीविजन और ऑडियो विजुअल संचार परिषद-आईसीएफटी के सहयोग से स्थापित यह पुरस्कार महात्मा गांधी के अहिंसा, सहिष्णुता, अंतरसांस्कृतिक समझ और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के आदर्शों को दर्शाने वाली फिल्मों को दिया जाता है।
‘द फार्म’ के बारे में एलिफ एडा ने कहा कि यह फिल्म एक डेयरी फार्म में रहने वाले बारह वर्षीय बच्चे के नजरिए से करुणा की भावना को दर्शाती है। यह नवजात बछड़ों को उनकी माताओं से अलग करने से होने वाले कष्ट और एक प्रशिक्षु की मदद से गर्भवती गायों को मुक्त कराने के बच्चे के प्रयासों को उजागर करती है। एडा ने कहा कि यह फिल्म इस बात पर सवाल उठाती है कि वयस्क किस प्रकार हानिकारक प्रथाओं को उचित ठहराते हैं, जबकि बच्चों में करुणा की सहज भावना बनी रहती है। उन्होंने सांस्कृतिक पूर्वाग्रहों को दूर करने और शांति तथा प्रेम को आवश्यक मानवीय मूल्यों के रूप में मान्यता देने की आवश्यकता पर भी बल दिया। फिल्म के छायांकन निर्देशक, एमरे पेकचाकिर भी संवाददाता सम्मेलन में उपस्थित थे। सम्मेलन में फैसल सोयसल ने कहा कि प्रजनन उपचारों से जुड़े उनके व्यक्तिगत अनुभवों ने ‘रहमा’ को प्रेरित किया। यह फिल्म जॉर्जिया में सरोगेसी के माध्यम से मातृत्व की चाह रखने वाली एक पुरातत्वविद् की कहानी है, जिसका सीरिया के अनाथ बच्चे के साथ भावनात्मक बंधन बन जाता है। सोयसल ने सीरिया और गाजा जैसे क्षेत्रों में संघर्षों के कारण विस्थापित हुए बच्चों की दुर्दशा को उजागर किया और मानवीय संकटों और सामाजिक अन्याय की ओर ध्यान आकर्षित करने के लिए फिल्म निर्माताओं के दायित्व पर बल दिया।