भारत और मंगोलिया के बीच आज से सीधी विमान सेवा शुरू हो गई है। नई दिल्ली और उलानबटार के बीच नियमित उड़ान शुरू होने से दोनों राजधानियों के बीच यात्रा का समय करीब 5 घंटे रह जाएगा। मंगोलिया की हूनू एयर द्वारा संचालित यह सेवा हर सोमवार को उपलब्ध होगी। इससे पहले यात्रियों को पेइचिंग या इंचियोन जैसे स्थानों पर विमान बदलना पड़ता था और यात्रा में लगभग 13 से 18 घंटे लगते थे।
सीधी विमान सेवा से पर्यटन, चिकित्सा और व्यापार सहित कई क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच आवागमन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे दोनों देशों के बीच सामान की तेज और कम लागत में आवाजाही संभव होने से द्विपक्षीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। इस सेवा की घोषणा पिछले वर्ष अक्टूबर में नई दिल्ली में मंगोलिया के राष्ट्रपति यू. खुरेलसुख और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संयुक्त संवाददाता सम्मेलन के दौरान की गई थी।
भारत और मंगोलिया एक-दूसरे के नागरिकों को वीजा-मुक्त यात्रा की सुविधा देते हैं। इसके अलावा ई-वीजा की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे दोनों देशों के बीच यात्रा और आसान हो गई है।