नवम्बर 16, 2026 11:08 पूर्वाह्न

printer

चीन को अमेरिकी एआई चिप के निर्यात पर प्रतिबंध सख्त करने की मांग तेज

अमरीका के उन्नत एआई चिप के चीन को निर्यात करने पर कड़े प्रतिबंध लगाने की मांग तेज हो गई है। अमरीकी कांग्रेस के दोनों दलों के सांसदों ने इस दिशा में नए विधेयक पारित करने की पहल की है। यह घटनाक्रम जासूसी से जुड़े विवाद के बीच एनवीडिया के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेनसन हुआंग के इस्तीफे के बाद सामने आया है।

प्रस्तावित विधेयकों में चिप निर्यात पर नियंत्रण कड़े करने, कांग्रेस की निगरानी बढ़ाने और संवेदनशील चिप निर्यात सौदों की समीक्षा करने या उन्हें रोकने का अधिकार सांसदों को देने की मांग की गई है। इनमें ट्रम्प प्रशासन द्वारा पहले ही मंजूर किए गए सौदे भी शामिल हैं।

यह विवाद मेगास्पीड नामक कंपनी से जुड़ा है, जिसकी अमरीका जांच कर रहा है। कंपनी पर संदेह है कि उसने एनवीडिया की उन्नत चिप चीन पहुंचाने में सहायता की है। इस मामले ने अमरीकी प्रौद्योगिकी को दूसरे देशों के माध्यम से चीनी कंपनियों तक पहुंचाए जाने की आशंका बढ़ा दी है।

इस बीच, रिमोट एक्सेस सिक्योरिटी एक्ट नाम के एक प्रमुख प्रस्ताव का उद्देश्य क्लाउड कंप्यूटिंग सेवाओं के जरिए अमरीकी उन्नत एआई चिप तक चीन की कंपनियों की पहुंच रोकना है। इससे मौजूदा निर्यात प्रतिबंधों में मौजूद संभावित खामियों को दूर किया जा सकेगा।

रिपब्लिकन सांसद जॉन मूलिनार, ब्रायन मास्‍ट और रिक क्रॉफर्ड ने कांग्रेस से चारों प्रस्तावित विधेयकों को तत्काल पारित करने की अपील की है। उन्होंने एनवीडिया के सह-संस्थापक जेनसन हुआंग, कंपनी के जनरल काउंसल टिम टेटर और वाणिज्य विभाग के अधिकारी जेफ्री केसलर को इस मामले में कांग्रेस के समक्ष गवाही देने के लिए बुलाने का भी अनुरोध किया है।

सांसदों ने सवाल उठाया है कि क्या इस मामले में अमरीकी राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डाला गया और एनवीडिया की चिप मेगास्पीड तक कैसे पहुंची? वाशिंगटन में इस बात को लेकर चिंता बढ़ रही है कि चीन, अमरीका में निर्मित उन्नत चिप का इस्तेमाल अपनी एआई क्षमताओं को मजबूत करने और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अमरीका की बढ़त कम करने के लिए कर सकता है।