जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल और स्वच्छता विभाग ने आज नई दिल्ली में जल, स्वच्छता और सफाई विषय पर उच्चस्तरीय भारत-अफ्रीका सम्मेलन का आयोजन किया। यह सम्मेलन नौवें भारत अंतर्राष्ट्रीय जल सप्ताह के दौरान आयोजित दूसरे भारत अंतर्राष्ट्रीय वॉस सम्मेलन का हिस्सा था। जल शक्ति मंत्रालय ने बताया कि इस सम्मेलन का उद्देश्य जल और स्वच्छता से जुड़ी साझा चुनौतियों पर विचार-विमर्श करना तथा भविष्य में सहयोग के अवसरों का पता लगाना था। इस कार्यक्रम में 22 अफ्रीकी देशों के राजदूतों और प्रतिनिधियों के साथ सरकारी विकास साझेदारों और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।
इस अवसर पर पेयजल और स्वच्छता विभाग के सचिव अशोक के.के. मीना ने कहा कि ग्रामीण जल आपूर्ति और स्वच्छता में भारत का अनुभव भौतिक अवसंरचना से कहीं अधिक व्यापक है तथा मूल रूप से जन स्वास्थ्य, गरिमा, महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक भागीदारी से संबंधित है। सचिव ने कहा कि भारत सामुदायिक प्रशासन में अपने परिचालन ज्ञान, डिजिटल दृष्टिकोण और अनुभव को साझा करने के लिए सम्मानित महसूस करते हुए अफ्रीका में उभर रहे नवाचारों और अनुभवों से सीख ले रहा है।
मंत्रालय ने कहा कि यह गोलमेज सम्मेलन सतत संपर्क, पारस्परिक शिक्षा और व्यावहारिक साझेदारी के माध्यम से भारत-अफ्रीका सहयोग को और गहरा करने के साथ संपन्न हुआ।