अक्टूबर 24, 2026 7:07 अपराह्न

printer

दिल्ली के शिक्षा मंत्री ने पुस्‍तकों की खरीद में कथित घोटाले के आरोपों को निराधार बताया

दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने आज शिक्षा विभाग में पुस्‍तकों की खरीद में कथित घोटाले के आम आदमी पार्टी के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार ने पुस्‍तकों की खरीद पारदर्शी तरीके से की है। नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में श्री सूद ने आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाया कि पार्टी दिल्ली शिक्षा विभाग की प्रगति को बाधित करने के लिए बेबुनियाद आरोप लगा रही है। इस दौरान, उन्होंने बताया कि विभाग ने कक्षा आठ की हिंदी की पुस्तक मल्हार को 28 रुपये 61 पैसे में खरीदी है, जबकि एनसीईआरटी की ओर से इसकी कीमत 65 रुपये तय की गई है।

पुस्तकों के आकार और गुणवत्ता को लेकर उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए, श्री सूद ने मीडिया को पुस्तकों के आकार और खरीद दरों की पुष्टि के लिए उनके सामने पुस्तक, कार्यादेश और मापने का स्केल प्रस्तुत किया। साथ ही, उन्होंने पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी की सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में समान आकार की गृह विज्ञान की पुस्तक की छपाई 55 रुपये में कराई गई थी।

श्री सूद ने पिछली सरकार के कार्यकाल से जुड़े कथित क्लासरूम, सीसीटीवी और कोविड घोटालों सहित अन्य मामलों को भी साक्ष्यों के साथ सार्वजनिक करने की बात कही। उन्होंने डिजिटल शिक्षा, नई पहल और विद्यार्थियों के परीक्षा परिणामों में सुधार पर लगातार किए जा रहे कामों का भी उल्लेख किया।