अक्टूबर 24, 2026 5:53 अपराह्न

printer

दिल्ली पुलिस ने साइबर ठगी के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया

दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिले ने 7 करोड़ 36 लाख रुपये की साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक बैंक मैनेजर समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जांच में दो बैंक शाखाओं में खोले गए 37 म्यूल बैंक खाते सामने आए हैं, जिनका संबंध देशभर में दर्ज साइबर ठगी की 99 शिकायतों से मिला है। पुलिस ने बताया कि आरोपी कथित तौर पर दिहाड़ी मजदूरों को लोन दिलाने के बहाने उनका आधार कार्ड, पैन कार्ड और तस्वीर हासिल कर इन दस्तावेजों का इस्तेमाल अवैध रूप से बैंक खाता खोलने के लिए करते थे। आरोपियों के पास से 63 आधार कार्ड, 60 पैन कार्ड, 11 सिम कार्ड, सात मोबाइल फोन सहित 60 हजार रुपये नकद और लगभग 150 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। मामले में जांच जारी है।