अक्टूबर 10, 2026 9:19 अपराह्न

printer

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन स्‍थल पहुंचने की कोशिश कर रहे कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया

नई दिल्ली में जंतर-मंतर विरोध प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने की कोशिश कर रहे कई प्रदर्शनकारियों को आज दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। दिल्ली पुलिस ने कल सीजेपी को विरोध प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। हिरासत में लिए गए लोगों को धीरे-धीरे रिहा किया जा रहा है। चुनाव आयोग के खिलाफ सीजेपी के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर, राष्ट्रीय राजधानी में भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों और कर्मियों के साथ-साथ अर्धसैनिक बलों को भी कानून-व्यवस्था के किसी भी उल्लंघन को रोकने के लिए तैनात किया गया है। दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली जिले में मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति और निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था।

कानून और व्यवस्था संबंधी विशेष पुलिस आयुक्त देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि दिल्ली पुलिस जनता के साथ सक्रिय रूप से संवाद कर रही है और उनसे किसी भी अवैध विरोध प्रदर्शन में भाग न लेने का आग्रह कर रही है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि लोग अनधिकृत विरोध प्रदर्शनों में भाग न लें, क्योंकि ऐसा करना गैरकानूनी होगा। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और पड़ोसी राज्यों की पुलिस बलों सहित सभी एजेंसियों के साथ समन्वय किया जा रहा है। उन्‍होंने कहा कि कुल मिलाकर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।