अक्टूबर 15, 2026 5:49 अपराह्न

printer

धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए MCD और प्लास्टइंडिया फाउंडेशन में समझौता

धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में आज दिल्‍ली नगर निगम और प्लास्टइंडिया फाउंडेशन के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया गया। इस पहल का उद्देश्य मूर्तियों और पूजा-सामग्री को सार्वजनिक स्थानों, सड़कों तथा जल निकायों में अनियंत्रित रूप से फेंकने या विसर्जित करने की प्रवृत्ति पर रोक लगाना है।  

इस समझौते के अंतर्गत पहले चरण में निगम के विभिन्न वार्डों में 250 मूर्ति संग्रहण केंद्र स्थापित किए जाएंगे। नागरिक इनमें धार्मिक अनुष्ठानों के बाद खंडित मूर्तियों और उनसे संबंधित पूजा-सामग्री को सम्मानपूर्वक जमा कर सकेंगे। इसके बाद एकत्रित सामग्री का उचित प्रबंधन और पुनर्चक्रण किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्‍ता ने कहा कि धार्मिक अनुष्ठानों के बाद मूर्तियों और पूजा-सामग्री का सम्मानजनक संग्रहण सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है। इससे लोगों को अपनी धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने का विकल्प मिलेगा। श्रीमती गुप्‍ता ने दिल्लीवासियों से अपील की है कि वे खंडित मूर्तियों और पूजा-सामग्री को सड़कों, खुले स्थानों और जल निकायों में छोड़ने के बजाय निर्धारित संग्रहण केंद्रों पर ही जमा करें।