केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने ‘स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान’ के तहत कल नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर के ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ का आयोजन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि ‘नमस्ते योजना’ केवल कल्याणकारी सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा, गरिमा तथा दीर्घकालिक सामाजिक और आर्थिक समावेशन सुनिश्चित करना है।
साथ ही उन्होंने बताया कि योजना के दायरे का विस्तार अब सीवर और सेप्टिक टैंक कर्मियों के साथ-साथ कचरा बीनने वालों तक भी किया गया है। डॉ. वीरेंद्र कुमार ने पात्र कर्मियों को स्वास्थ्य सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा और सुरक्षा संबंधी सुविधाओं से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें और समाज की मुख्यधारा का अभिन्न हिस्सा बन सकें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता बनाए रखना हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है और यह केवल सफाई मित्रों या स्वच्छता कर्मियों की जिम्मेदारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि स्वच्छता कर्मियों को उनके सभी हक और अधिकार मिलें। साथ ही, उन्होंने महिला स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित करने के महत्व पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान सफाई मित्रों के बीच आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए, जिनके माध्यम से उन्हें 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध होगा।