अक्टूबर 14, 2026 1:47 अपराह्न

printer

दिल्ली सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे करने पर एक संकल्प पारित किया

दिल्ली सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे करने पर उन्हें बधाई देते हुए एक संकल्प पारित किया है। नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार, प्रगति को बढ़ावा देने और राज्यों के विकास के लिए निरंतर काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमेशा दिल्ली को प्राथमिकता दी है और लगातार सहयोग दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष फरवरी में सत्ता में आने के बाद दिल्ली सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की सभी प्रमुख योजनाओं को अपनाया है। उन्होंने बताया कि सरकार ने सत्ता में आने के पहले ही दिन आयुष्मान भारत योजना लागू की। इस योजना के तहत केंद्र सरकार पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा देती है, जबकि दिल्ली सरकार ने इसमें पांच लाख रुपये और जोड़े हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में लगभग 425 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए जा चुके हैं। इनकी संख्या बढ़ाकर करीब ग्‍यारह सौ करने का लक्ष्य है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार राष्ट्रीय राजधानी के हर निवासी को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन की आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल राजनीतिक लाभ के लिए जनता को गुमराह कर रहे हैं।