दिल्ली सरकार राजधानी के बुजुर्ग नागरिकों के लिए ‘वयो आनंद’ योजना शुरू करने जा रही है। इस योजना के अंतर्गत ऐसे केंद्र विकसित किए जाएंगे जहां बुजुर्ग नागरिकों को खाली समय में आराम करने, इनडोर गेम खेलने, एक-दूसरे से मिलने-जुलने और सामाजिक गतिविधियों में शामिल होने के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध हो सके।
दिल्ली सरकार ने बताया है कि यह केंद्र सप्ताह में कम से कम पांच दिन खुले रहेंगे और प्रतिदिन न्यूनतम सात घंटे संचालित होंगे। इन केंद्रों का संचालन सुबह 7 बजे से रात 8 बजे के बीच किया जाएगा। योजना के अंतर्गत मनोरंजन केंद्रों में कम से कम 200 ऐसे सदस्य होना जरूरी है, जिनकी उम्र 60 वर्ष या उससे अधिक हो। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत पात्र मनोरंजन केंद्र को एक वित्तीय वर्ष में 2 लाख 40 हज़ार रुपये, की सहायता दी जाएगी। इन केंद्रों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए इनडोर खेल, बैठने की व्यवस्था, पंखा, कूलर, टेलीविजन, कंप्यूटर, समाचार पत्र, पत्रिकाएं और किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी। वरिष्ठ नागरिकों के लिए इन केंद्रों में योग और ध्यान की कक्षाएं भी आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही इनमें मासिक चिकित्सा शिविर और प्राथमिक उपचार किट की भी व्यवस्था होगी। श्रीमती गुप्ता ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके आसपास ही ऐसा सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराना है, जहां वे अपने हमउम्र लोगों के साथ समय बिता सकें, मनोरंजन और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों में शामिल हो सकें तथा अकेलेपन से दूर सक्रिय सामाजिक जीवन जी सकें।